कांशीराम की बहन ने लगाए गंभीर आरोप, कहा- मायावती दुश्मन नंबर वन

punjabkesari.in Thursday, Mar 10, 2016 - 09:36 AM (IST)

लखनऊ: बसपा के संस्थापक कांशीराम की बहन स्वर्ण कौर ने मायावती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि मायावती उनकी नंबर एक दुश्मन हैं। मायावती ने उनके भाई कांशीराम को बंधक बना लिया था। उन्हें घरवालों से मिलने नहीं दिया जाता था। उनकी मां बेटे का इंतजार करते-करते मर गई। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। 

उन्होंने कहा कि 15 मार्च को कांशीराम की 82वीं जयंती है। इस अवसर पर पंजाब में प्रिथीपुर बंगा में कांशीराम मैमोरियल में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिल्ली के सी.एम. अरविंद केजरीवाल आएंगे। उन्होंने केजरीवाल की तारीफ  करते हुए कहा कि उनके बारे में केजरीवाल को वाराणसी में 22 फरवरी को रविदास जयंती पर कार्यक्रम के दौरान बताया गया था। अरविंद उनसे मिलने भी आए थे। इस दौरान उन्हें कांशीराम जयंती के बारे में पता चला तो उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने का वायदा किया। 

एक हिंदी वैबसाइट में छपी खबर के मुताबिक कांशीराम की बहन ने सख्त लहजे में कहा कि मायावती गांव आने की कोशिश न करें। यह जाना जाता है कि मायावती ने ही 19 साल पहले कांशीराम मैमोरियल की नींव उनके ननिहाल प्रिथीपुर बंगा में रखी थी। इसी दिन बसपा सुप्रीमो मायावती गांव से 50 किलोमीटर दूर नवां शहर में रैली आयोजित करेंगी। 

ज्ञात हो कि कांशीराम की बहन बाबू कांशीराम चैरिटेबल फाऊंडेशन की अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि वह जीते-जी किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी। यह उनके भाई का अपमान होगा। वह बसपा का भी समर्थन नहीं करेंगी क्योंकि उनके भाई की पार्टी को मायावती ने कब्जा कर लिया है। हालांकि वे पंजाब विधानसभा चुनाव में दलितों का ख्याल रखने वाली पार्टी को अपना समर्थन दे सकती हैं।