दलित सम्मेलन में राहुल गांधी को दिखाए गए काले झण्डे

punjabkesari.in Thursday, Feb 18, 2016 - 06:02 PM (IST)

लखनऊ:  जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के हालिया विवाद के संबंध में काग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आए बयान से नाराज भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने उन्हें आज यहां काले झंडे दिखाए। गांधी के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से माल एवेन्यू स्थित काग्रेस के प्रदेश कार्यालय में जाते समय भाजयुमो कार्यकर्ताओ ने कृष्णानगर क्षेत्र के वीआईपी रोड पर काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

काग्रेस उपाध्यक्ष पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित दलित सम्मेलन में भाग लेने आए थे। इस बीच काग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनो में पथराव भी हुआ हालांकि पुलिस ने इससे इन्कार किया है। भाजयुमो के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

मोर्चा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ शहर में कई जगह उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि जेएनयू के हालिया विवाद पर गांधी ने पुलिस की भूमिका पर न सिर्फ सवाल उठाए थे बल्कि विश्वविद्यालय परिसर में जाकर छात्रों का हौसला अफजाई किया था।