''राहुल गांधी का किसान प्रेम सिर्फ ढोंग''

punjabkesari.in Tuesday, Sep 20, 2016 - 11:28 AM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के किसान प्रेम को ढोंग बताते हुए कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण ही किसान कर्जदार एवं गरीब हैं।

भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल के किसान प्रेम को ढोंग बताते हुए तंज कसा कि पचास वर्षो से अधिक देश और प्रदेश में हुकूमत करने वाली कांग्रेस की गलत नीतियों के परिणामस्वरूप किसान कर्जदार और गरीब हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण ही देश के लाखों करोड़ रूपए की काली कमाई लोगों ने देश के बाहर के बैंकों में जमा कर दी।

राहुल का आज किसान की बात करना उनका किसान हितैषी होना नहीं साबित करता बल्कि घडियाली आंसू बहाने जैसा है।

बसपा सुप्रीमो मायावती पर आरोप लगाते हुए मौर्य ने कहा कि वह ‘हवाई नेता’ हैं और उत्तर प्रदेश की जनता को केवल हवाई मार्ग से दर्शन देती हैं और पुन: हवाई मार्ग से ही वापस हो जाती हैं। हवाई नेता सर्व समाज का भला नहीं कर सकता।

सपा की अंतर्कलह पर मौर्य ने कहा कि सपा प्रदेश की सत्ता को व्यक्तिगत संपत्ति मानकर बंटवारा कर रही है। शासन प्रशासन पूरी तरह ठप है। जनता पिस रही है। लेकिन प्रदेश की जनता सपा की इस बंदरबांट पर मौन नहीं रहेगी। जनता सैफई कुनबे के इस आचरण को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।