रतन टाटा बोले, UP में करना चाहते हैं इन्वेस्टमेंट

punjabkesari.in Wednesday, Dec 02, 2015 - 04:30 PM (IST)

लखनऊ:  जाने माने उद्योगपति रतन टाटा ने उत्तर प्रदेश में निवेश का बेहतर माहौल बताते हुए यहां निवेश की इच्छा जताई है। टाटा ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लिखे पत्र में कहा है ‘‘ उत्तर प्रदेश में निवेश का बेहतर माहौल है। समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार बनने के पहले दिन से ही यहां निवेश का माहौल बनना शुरु हो गया था।’’  टाटा ने यादव के साथ हाल ही में उन्नाव में एक मंच साझा किया था।

कार्यक्रम की समाप्ति के बाद टाटा ने यादव से अकेले में गुप्तगू भी की थी। दोनो में यहां निवेश की सम्भावनाओं पर विचार किया गया था। टाटा समूह का यहां मोटर का एक बडा कारखाना है। इसके विस्तार के लिए मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में जमीन दी गई थी लेकिन बाद में करों को लेकर राज्य सरकार से हुए विवाद के बाद टाटा समूह ने कारखाने को किसी अन्य राज्य में शिफ्ट कर देने की धमकी दे दी थी।