सपा ने जारी की 10 प्रत्याशियों की सूची: कुछ पुराने तो कुछ हारे प्रत्याशी पर फिर से दांव

punjabkesari.in Friday, Jun 17, 2016 - 04:27 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी ने अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 10 प्रत्याशियों की सूची जारी की। प्रदेश की 403 सीटों वाली राज्य विधानसभा में पार्टी इससे पहले 146 पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। 10 प्रत्याशियों की इस सूची के साथ ही सपा ने अब तक 156 क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार का एलान कर दिया है।

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों को बताया कि सहारनपुर में देवबंद विधानसभा सीट से मीना राणा को प्रत्याशी बनाया गया है। श्रीमती राणा दिवगंत मंत्री राजेन्द्र सिंह राणा की पत्नी हैं। हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में वह सपा के टिकट पर चुनाव लडी थीं मगर उन्हें हार का सामना करना पडा था। 

जानकारी के अनुसार यादव ने बताया कि गौतमबुद्धनगर की जेवर सीट से वेवन नागर पार्टी प्रत्याशी होंगे। मथुरा विधानसभा क्षेत्र से डॉ. अशोक अग्रवाल, आगरा ग्रामीण सीट से राकेश बघेल, बरेली के मीरगंज क्षेत्र से हाजी जाहिद हुसैन उर्फ गुड्डू, झांसी के बबीना से श्याम सुंदर यादव को टिकट दिया गया है।

यादव विधानपरिषद में सपा के सदस्य रह चुके हैं। वह पिछले दिनों सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे जबकि आज ही उन्होंने सपा की सदस्यता फिर से हासिल की है। इसके अलावा झांसी नगर से दीपमाला कुशवाहा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। यादव ने बताया कि गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र में पूर्व घोषित प्रत्याशी जफर अमीन डक्कू के स्थान पर अब विजय बहादुर यादव सपा के टिकट पर चुनाव लडेंगे। यादव भाजपा के विधायक हैं।

गत 11 जून को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने की वजह से पार्टी ने इन्हें निष्कासित कर दिया था। देवरिया सीट से विजय प्रताप यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है। यादव पूर्व विधान परिषद सदस्य रामनगीना यादव के पुत्र है। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर की मझंवा सीट से प्रभावती यादव सपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में होंगी जबकि सोनभद्र की दुद्धी सीट से मौजूदा विधायक रूबी प्रसाद को फिर से टिकट दिया गया है।