जन्माष्टमी मनाने मथुरा में उमड़ा जनसैलाब, ब्रज में लगेगा 20 टन प्रसाद का भोग (Pics)

punjabkesari.in Thursday, Aug 25, 2016 - 09:11 AM (IST)

मथुरा: भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए श्रद्घालु इस बार कुछ पहले से ही ब्रज में उमड़ पड़े हैं। मथुरा, वृन्दावन, गोवर्धन, बरसाना, नन्दगांव और गोकुल-महावन आदि सभी स्थानों पर मंदिरों में इन दिनों तीर्थयात्रियों का भारी दबाव देखा जा रहा है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि दुनिया भर के आकर्षण का केंद्र बनने वाले श्रीद्घष्ण जन्मस्थान के भागवत भवन में ठाकुरजी का महाभिषेक गुरुवार रात्रि 12.15 से 12.30 तक चलेगा। तदुपरांत 12.40 से 12.50 तक श्रृंगार आरती के दर्शन होंगे। जन्म के दर्शन रात्रि डेढ़ बजे तक खुले रहेंगे। इससे पूर्व रात्रि 11 बजे से मध्य रात्रि तक गणेश पूजन एवं नवग्रह पूजन होगा।

12 बजते ही भगवान के प्राकट्य के साथ संपूर्ण मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़े, झांझ-मजीरे बज उठेंगे और मृदंग की थाप पर हरिबोल संकीर्तन प्रारंभ हो जाएगा। इसी बीच महाआरती प्रारंभ हो जाएगी जो 10 मिनट तक चलेगी। संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि संस्थान की आेर से 5 टन लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा जो निकास द्वार के दोनों सिरों पर सांयकाल से दर्शन खुले रहने तक लगातार वितरित किया जाएगा।  

इसी प्रकार, ठा. बांकेबिहारी मंदिर में साल में एक ही दिन होने वाली मंगला आरती में इस बार 101 थाल में सजाकर छप्पन व्यंजन भोग में परोसे जाएंगे। जन्मोत्सव की मंगला आरती के सेवाधिकारी बालकृष्ण गोस्वामी ने बताया कि इस वर्ष ठाकुरजी को पूर्व की भांति ही मंगला आरती के मौके पर छप्पन व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा, जैसाकि तीन दशक पूर्व तक लगाया जाता रहा था।