आज समाजवादी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक

punjabkesari.in Thursday, Oct 20, 2016 - 10:31 AM (IST)

लखनऊ: सत्तारूढ समाजवादी पार्टी(सपा) ने पारिवारिक कलह के बीच आज 20 अक्टूबर को यहां राज्य कार्यकारिणी की बैठक की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बाद प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी संभालने वाले शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में प्रदेश कार्यकारिणी की यह पहली बैठक होगी जिसके बाद पार्टी आलाकमान जिला और शहर इकाई के अध्यक्षों के साथ 22 अक्टूबर को बैठक करेगा। 

जानकारी के अनुसार पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की रात हुई मुलाकात के बाद कार्यकारिणी बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले राज्य कार्यकारिणी की बैठक अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने वाली थी थी लेकिन पार्टी में विवाद होने के कारण इसे अन्तिम क्षणों में रद्द करना पड़ा था।

सूत्रों ने बताया कि दोनों बैठकों में चुनाव की तैयारियों के अलावा पार्टी के पांच नवंबर से शुरू होने वाले रजत जयंती समारोह कार्यक्रम के बारे में गहन मंथन किया जाएगा।