सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह की आजमगढ़ में होने वाली रैली निरस्त, कार्यकर्त्ता निराश

punjabkesari.in Sunday, Sep 25, 2016 - 10:39 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की आगामी 6 अक्टूबर को आजमगढ़ में होने वाली रैली निरस्त कर दी गई है।  माना जा रहा है कि  मुलायम सिंह यादव के परिवार में चल रहे वर्चस्व की लड़ाई की वजह से रैली निरस्त हुई है। रैली के निरस्त होने की पुष्टि करते हुए माध्यमिक शिक्षा मंत्री और आजमगढ़ के मूल निवासी बलराम यादव ने बताया कि रैली किन्ही कारणों से ‘नेता जी’ ने निरस्त कर दी है।

सपा अध्यक्ष 6 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में रैली कर 2017 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान की शुरूआत करने वाले थे। मध्यमिक शिक्षा मंत्री ने रैली निरस्त होनें का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया लेकिन सपा सूत्रों का कहना है कि मुलायम सिंह यादव को रैली में युवकों के विरोध की आशंका थी, इसीलिए रैली निरस्त कर दी गई। सपा के चारों युवा प्रकोष्ठों के अध्यक्षों समेत कई पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर शिवपाल सिंह यादव को यह जिम्मेदारी सौंपने के विरोध में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।

शिवपाल सिंह यादव ने अध्यक्ष पद संभालते ही अखिलेश यादव के 8 समर्थकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। सूत्रों ने बताया कि मुलायम सिंह यादव ने शिवपाल सिंह यादव और बलराम यादव को घर पर बुलाया। उनसे कुछ देर मंत्रणा की और रैली निरस्त करने का फैसला ले लिया। मुलायम सिंह यादव ने 2012 में भी आजमगढ़ में ही रैली कर चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत की थी। उनका मानना है कि आजमगढ़ उनके लिए काफी शुभ है। आजमगढ़ सपा का गढ़ माना जाता है। जिले की 10 मे से 9 विधानसभा सीटों पर सपा विधायक हैं।