किसान कर्ज माफी को लेकर राहुल की 6 अक्टूबर को मेगा रैली

punjabkesari.in Thursday, Sep 29, 2016 - 01:44 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 27 सालों से सत्ता से बाहर कांग्रेस ने अब किसान वोट बैंक पर अपना दांव लगा दिया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली से देवरिया तक किसान यात्रा कर रहे हैं। इस किसान यात्रा के दौरान गांधी का नारा है कि किसान का कर्ज माफ और बिजली का बिल हाफ। बता दें कि राहुल गांधी की यह किसान यात्रा 5 अक्टूबर को समाप्त हो रही है। 

जानकारी के अनुसार यूं तो राहुल गांधी की किसान यात्रा 5 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दिल्ली में समाप्त हो रही है। अब राहुल गांधी की पश्चिमी उत्तर प्रदेश या दिल्ली में में एक बड़ी रैली 6 अक्टूबर को करने की तैयारी है। राहुल गांधी का कहना है कि इस रैली में कम से कम 1 लाख लोग भाग लें। दरअसल, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश ,पंजाब के प्रदेश प्रमुखों को पार्टी ने दिल्ली तलब किया है।

10 दिन में होगा किसानों का कर्ज माफ
गौरतलब है कि कांग्रेस ने ही 2008 में किसानों का कर्ज माफ किया था। अब पार्टी में राय बनी है कि मेगा रैली में घोषणा हो कि उत्तर प्रदेश के साथ जिस भी राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी वहां 10 दिन में किसान का कर्ज माफ होगा और केंद्र में बनी तो देश भर के किसानों का कर्ज माफ होगा। इसलिए राहुल की किसान यात्रा के समाप्त होते ही 6 अक्टूबर को मेगा किसान रैली का आयोजन कांग्रेस करने जा रही है।