शाही अंदाज में मनाया जाएगा सपा मुखिया मुलायम का 76वां जन्मदिन, पहुंचेंगे फिल्मी सितारे (Pics)

punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2015 - 05:30 PM (IST)

सैफई (इटावा) : सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में दीपावली का पर्व अभी जारी है क्योंकि कल उनका 76वां जन्मदिन है। इस मौके पर सभी सड़कों रास्तों और भवनों को रंग बिरंगे फूलों और बिजली की झालरों से सजाया गया है और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लगभग 200 किलोमीटर दूर मुलायम का गांव सैफई दुल्हन की तरह सजाया गया है। तीन दिन तक चलने वाले रंगारंग कार्यक्रमों की शुरूआत तो कल ही हो चुकी है।

मगर असली समारोह शनिवार की शाम 7 बजे सैफई स्पोट्र्स स्टेडियम में ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के कार्यक्रम से शुरू होगा । इसमें वह अपने 300 साथियों के साथ संगीत की स्वर लहरियां बिखेरेंगे। सैफई महोत्सव में रहमान का यह पहला कार्यक्रम है। महोत्सव की तैयारी में लगे एक उत्साही कार्यकर्ता महेश यादव ने कहा कि नेताजी के साथ हमारा लगाव भावनात्मक है, वे हमारे लिए पिता तुल्य हैं। मुलायम का जन्मदिन समारोह हर साल आयोजित होने वाले रणवीर सिंह सैफई महोत्सव का हिस्सा है।

महोत्सव के आयोजक तथा सपा मुखिया के भतीजे सांसद धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि रहमान अपने सह कलाकारों के साथ संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के लिए मुंबई से आए कारीगरों द्वारा विशाल और भव्य मंच तैयार किया गया है। स्टेडियम के बाहर के दर्शकों के लिए कई बड़े स्क्रीन लगाए गए हैं। पूरे स्टेडियम को सपा के झंडे के रंग हरे और लाल से रंगा गया है।