... जब कैबिनेट मंत्री के परिवार ने बीच सड़क करवाई महिला की डिलीवरी

punjabkesari.in Wednesday, May 11, 2016 - 02:22 PM (IST)

मध्यप्रदेश:  मध्यप्रदेश के बडवानी जिले के सेंधवा में कैबिनेट मंत्री अंतर सिंह आर्य के परिवार और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सड़क पर एक महिला का प्रसव करा कर लाडली लक्ष्मी को सकुशल जीवन प्रदान किया। कैबिनेट मंत्री अंतर सिंह आर्य के पुत्र तथा जिला पंचायत सदस्य विकास आर्य ने बताया कि सुबह उनके देवझिरी कालोनी स्थित निवास के सामने एक महिला दुपहिया वाहन से उतर कर प्रसव पीड़ा के चलते सड़क पर लेट गई।

विकास ने बताया कि उन्होंने तत्काल अपनी बड़ी बहन वर्षा, छोटी बहन बाला और पत्नि कविता और पूर्व जनपद अध्यक्ष सेंधवा लता पटेल और अन्य पड़ोसियों को बुलाया और उन्होंने वहीं पर उसके प्रसव का इंतजाम कर दिया। इसके पहले कि वे अपना वाहन वहां ला पाते, महिला ने एक लाडली लक्ष्मी को जन्म दे दिया। इसी दौरान जननी एक्सप्रेस और 108 भी वहां आ गई और महिला और नवजात को सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में 12 वर्षों के बावजूद सड़क पर प्रसव होने को लेकर पूछे गए प्रश्न पर श्री आर्य ने कहा कि हालांकि यह स्थिति अचानक बन गई फिर भी वे स्वास्थ्य महकमे को जागरूकता के लिए निर्देशित कर रहे हैं। वहीं सेंधवा के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डा. जे पी पंडित ने बताया कि 2.7 किग्रा वजन की नवजात और बडग़ांव निवासी 25 वर्षीय प्रसूता रमा बाई पूरी तरह स्वस्थ हैं। 2 वर्ष के पुत्र की मां रमाबाई अपने पति बद्री के साथ सेंधवा सब्जी बेचने आ रही थी।  

डॉ पंडित ने बताया कि महिला स्वास्थ्य विभाग में गर्भवती के रूप में पंजीकृत थी और समय समय पर इसकी जांच हुई थी। महिला फुल टर्म थी और अचानक प्रसव वेदना होने के चलते यह स्थिति निर्मित हुई।  उल्लेखनीय है कि करीब 08 वर्ष पूर्व तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अजय कुमार विश्नोई ने सेंधवा में सिविल अस्पताल भवन का भूमि पूजन किया था किन्तु यह भवन अभी भी अपूर्ण है।