Facebook ने मिलाया 29 साल पहले खोया बेटा

punjabkesari.in Saturday, Jan 16, 2016 - 12:26 PM (IST)

लखनऊ:  सोशल नेटवर्किग साइटें कई बार बहुत मददगार साबित होती हैं। कई जगहों पर भले ही इसका दुरुपयोग हो रहा हो, लेकिन उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक युवक को फेसबुक ने 29 साल बाद उसके परिवार से मिला दिया। 

जानकारी के अनुसार मेरठ के सरधना के छुर गांव से 29 वर्ष पहले कामकाज की तलाश में सलीम 1987 में घर से भाग मुंबई चला गया था। तब से उसका अपने परिवार से नाता टूट गया था। जब वह घर से भागकर मुंबई गया था तब उसकी उम्र 19 वर्ष थी। मुबंई पहुंच सलीम वहीं ईस्ट मलाड में बस गया और बाद में शिफा फार्मेसी के नाम से दवा का कारोबार शुरू कर दिया। सलीम के घर से भागने के बाद उसके परिजनों ने उसकी बहुत तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं लगा।

साल 2011 में सलीम का विवाह तय हुआ तो उसने अपने विवाह का कार्ड फेसबुक पर अपलोड किया। जिसे उसके भतीजे शाहनवाज उर्फ शान पुत्र शकील तथा चचेरे भाई आसिफ गहलौत की नजर पड़ी। किसी तरह फोन पर उन्होंने सलीम से संपर्क किया। जिसके बाद लगातार फोन पर बातचीत होने लगी।

सलीम 4 दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुंबई से मेरठ पहुंचा। वह यहां अपने भाई खलील के पास रहा। कल वह अपने पैतृक गांव छुर पहुंचा। सलीम का परिवार उसे देख कर खुशी से झूम उठा। सलीम का कहना है कि मुंबई में अब उसका कारोबार है और खुद का घर है। परिवार के लोगों से मुलाकात के बाद उसे लौटना पड़ेगा, लेकिन परिवार वालों से मिलने वह आता रहेगा।