सैनिक अस्पताल में तेंदुए ने मचाया आतंक, 5 घायल (Pics)

punjabkesari.in Wednesday, Apr 13, 2016 - 12:03 PM (IST)

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ छावनी क्षेत्र स्थित सैनिक अस्पताल में एक तेंदुआ आ जाने की सूचना से मची खलबली केबाद अस्पताल का एक हिस्सा पूरी तरह से सील कर दिया गया। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मेरठ के 12वीं तक के तमाम स्कूल कालेजों को कल बन्द करने के आदेश दिए हैं और इसका सख्ती से पालन करने को कहा है। सेना, वन विभाग और पुलिस ने अभियान चलाकर तेंदुए की तलाश शुरू की ।

इसकी खबर शहर में आग की तरह फैल गई और छावनी क्षेत्र स्थित तमाम स्कूलों में एहतियात के तौर पर कमरों के दरवाजे और खिड़कियां बन्द करवा दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेंदुआ सैनिक अस्पताल में सुबह से ही मौजूद है। अस्पताल के महिला वार्ड के पीछे पेड़ पर बैठा देखा गया। चारों ओर से घेराव करके उसे ट्रेन्क्यूलाईजर गन से बेहोशी इन्जैक्शन देने की भी कोशिश की गई।  

पुलिस के अनुसार स्वास्थ्य निरीक्षक विष्णु त्रिपाठी  सुबह करीब साढ़े सात बजे जैसे ही अस्पताल पहुंचे और अपने कार्यालय का ताला खोलने के लिए झुके तो उनकी निगाह तेंदुए पर पड़ी। यहां इस तेंदुए ने मजदूरों पर हमला भी किया। इसमें बबलू, महेश, मंगल, संदीप और सुनील नाम के मजदूर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।