दरिंदगी: गला रेत कर महिला की हत्या, बहन को भी कैंची मार किया लहूलुहान (Pics)

punjabkesari.in Thursday, Apr 14, 2016 - 09:40 AM (IST)

मेरठ:  उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर एक मकान मालिक ने किराए पर रहने वाली एक महिला की गला काटकर हत्या कर दी। बहन के बचाव में आई महिला पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया। इस दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे मोहल्ले में हड़कम्प मचा हुआ है। 

जानकारी के अनुसार घटना थाना लिसाड़ी गेट के तारापुरी में एक मिनार वाली मस्जिद के पास की है। जहां एक तरफ हत्या का कारण किराए को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ आरोपी का महिला के साथ प्रेम-प्रसंग की बात भी सामने आ रही है। पीड़िता साजिया पत्नी फुरकान किराए पर अलताफ के मकान में रहती थी। उसका पति रिक्शा चलाकर मजदूरी करता है। 

बताया जा रहा है कि फुरकान के काम पर चले जाने के बाद अलताफ अपने कुछ साथियों के साथ वहां पर आया। पीड़िता की बहन बुशरा ने बताया कि अलताफ उसकी बहन के साथ गाली-गलौच करने लगा और उसके खींचकर बाहर ले गया। जब उसने इस बात का विरोध किया तो आरोपी ने कैंची से उसकी गर्दन पर कई बार कर दिए। जब बुशरा ने इस बात विरोध किया तो आरोपी ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। 

वहीं पीड़िता की चीख पुकार की आवाज सुनकर मोहल्ले वाले उनकी मदद के लिए उनकी तरफ दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गया। पड़ोसियों ने दोनों घायल बहनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने साजिया को मृत घोषित कर दिया। मृतका की बहन बुशरा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। 

वहीं दूसरी तरफ घटना की सूचना मिलने पर एस.ओ. लिसाड़ी गेट रविंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उनके बाद एस.पी. सिटी ओमप्रकाश ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने साजिया के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।