चाचा के सामने ही 12 वर्षीय भतीजे को जबड़ों में दबोच ले गया मगरमच्छ, चीखते रह गए ग्रामीण... रात में इस हाल में मिली ला/श
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 12:48 PM (IST)
Bahraich News: बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में घाघरा नदी में मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। बौंडी थाना प्रभारी टी.एन. मौर्य ने बताया कि टिकुरी गांव निवासी सुनील (12) गुरुवार शाम अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई कराने के बाद घाघरा नदी के किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने उस पर हमला कर उसे जबड़ों में दबोच लिया। उन्होंने बताया कि बच्चे के चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर तथा ईंट-पत्थर फेंककर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींच ले गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से कई घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया और भारी मशक्कत के बाद रात में नदी से बालक का शव बरामद हुआ। इस घटना का एक वीडियो शुक्रवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मगरमच्छ ने बालक का दाहिना पैर चबा डाला तथा कमर के नीचे का कुछ हिस्सा क्षत-विक्षत हो गया था।मगरमच्छ ने मृत शरीर का ऊपरी हिस्सा नहीं खाया था।
पुलिस ने विधिक कार्रवाई के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और गांव में वह अपने चाचा के यहां रहता था। उप जिलाधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

