15 मौतों वाले लखनऊ अग्निकांड पर एक्शन मोड में सरकार, SIT और LDA की टीम करेगी गहन जांच, 7 दिन में CM Yogi को सौंपेगी रिपोर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 10:07 AM (IST)
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लगने के कारण झुलसने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए।
जांच के लिए गठित की गई एसआईटी
इस मामले की जांच के लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने देर रात हुई उच्चस्तरीय बैठक में एसआईटी के गठन का आदेश दिया।
सात दिन में रिपोर्ट सौंपेगी टीम
बयान के अनुसार एसआईटी में पर्यटन, धर्मार्थ और संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है और उसे सात दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
SIT CM Yogi को सौंपेगी अपनी रिपोर्ट
लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के मामले की जांच मंगलवार से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) आज घटनास्थल का दौरा कर हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर सकती है। माना जा रहा है कि निरीक्षण और साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। आगे की प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई इसी रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।
वहीं, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने भी मामले की जांच के लिए अलग से एक समिति का गठन किया है। यह समिति भी आज घटनास्थल पर पहुंचकर निर्माण संबंधी दस्तावेजों, सुरक्षा मानकों और अन्य पहलुओं की जांच कर सकती है। प्रशासन हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जिम्मेदारी तय करने के लिए कई स्तरों पर जांच कर रहा है।

