Uttarakhand Assembly Election 2022: उत्तराखंड में अपराह्न एक बजे तक 35.21% मतदान

punjabkesari.in Monday, Feb 14, 2022 - 03:01 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड में पांचवीं विधानसभा के लिये सोमवार को अपराह्न एक बजे तक 35.21 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया चल रही है। राज्य के कुल 81 लाख, 72 हजार, 173 मतदाता आज 11,697 मतदेय स्थलों पर अपने मत का इस्तेमाल कर रहे हैं।

पहली बार गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को मतदान के लिए विशेष व्यवस्था की गईं हैं। कड़ी सुरक्षा के मध्य हो रहे मतदान में शान्ति एवं व्यवस्था का स्वयं मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या जायजा ले रही हैं। ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह कड़ाके ठंड होने के कारण मतदान के लिये निर्धारित समय आठ बजे मतदाताओं की संख्या बहुत कम रही, जबकि मैदानी क्षेत्रों में 8 बजे से पहले ही मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए कतार में खड़े दिखाई दिए।

मतदान केंद्रों पर कोविड के कारण सेनिटाइजड करने और मास्क और ग्लब्स की समुचित व्यवस्था निर्वाचन आयोग द्वारा की गई है। दिव्यांगों के लिये राज्य भर में छह विशिष्ट बूथ बनाए गए हैं। जिनमें सभी कार्मिक भी दिव्यांग हैं। इसी प्रकार, महिलाओं के लिए बनाए गए सखी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिन पर महिला कार्मिकों की तैनाती की गई है। राज्य के देहरादून, पिथौरागढ़, हरिद्वार, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर जनपदों के अनेक मतदान केन्द्र पर सुबह सात बजे से ही मतदाता लम्बी कतार में खड़े दिखाई दिए। इसके अलावा कई स्थानों पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान बाधित होने की भी सूचना सामने आयी है। टिहरी जिले में डेढ़ बजे तक 32.58 प्रतिशत मतदान हुआ है।

वहीं चमोली जिले में बद्रीनाथ विधानसभा में दोपहर बजे तक 39.86 प्रतिशत, थराली में 32 प्रतिशत और कर्णप्रयाग में 36.41 प्रतिशत मतदान हुआ है। ऊधमसिंह नगर जिले में 40 प्रतिशत मतदान हुआ है। देहरादून जिले में 34.94 मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा देहरादून के चकराता में 47 प्रतिशत और सबसे कम राजपुर में 30 प्रतिशत से भी कम मतदान हुआ है। इस बीच कुमाऊ क्षेत्र के भीमताल विधानसभा अन्तर्गत जोन तीन ओखलकांडा के बूथ संख्या 47 में पीओ-3 नवीन चंद्र जोशी को दिल का दौरा पड़ा। मौके के लिए 108 रवाना कर दी गई है। क्योंकि उक्त बूथ चार किमी से अधिक पैदल है। इसलिए जोशी को डोली से लाया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static