PM मोदी की उपस्थिति में धामी के साथ इन 8 मंत्रियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ

punjabkesari.in Wednesday, Mar 23, 2022 - 06:22 PM (IST)

 

देहरादूनः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में बुधवार को यहां परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्यपाल ने 8 मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने सतपाल महाराज, प्रेमचन्द अग्रवाल, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, चन्दन राम दास एवं सौरभ बहुगुणा को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउण्ड में मुख्यमंत्री की शपथ लेने से पहले सन्त महात्माओं पर पुष्प वर्षा की और उनका आशीर्वाद लिया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रेमचंद अग्रवाल ने संस्कृत में शपथ ली। समारोह में रेखा आर्य परम्परागत कुमायूंनी वेशभूषा में सबके आकर्षण का केंद्र रही जबकि गणेश जोशी शपथ ग्रहण के लिए सावधान की मुद्रा में कदमताल करते हुए मंच पर पहुंचे और शपथ लेने के बाद उन्होंने राज्यपाल को सैल्यूट किया।

वहीं इस अवसर पर नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी, केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, केन्द्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, केन्द्रीय पशुपालन राज्य मंत्री डॉ. संजीव वालियान, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोवा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद रेखा वर्मा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय टम्टा, राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी, नरेश बंसल, दुष्यंत गौतम, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायकगण, सन्तगण, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने किया।
 

Content Writer

Nitika