16 का छात्र, 38 की ट्यूशन टीचर... अचानक दोनों हुए लापता, CCTV फुटेज ने खोला राज

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 07:03 AM (IST)

Agra News: 16 साल के छात्र और उसकी 38 वर्षीय शिक्षिका के अचानक लापता होने से कुछ दिनों तक उलझी पुलिस ने आखिरकार राहत की सांस ली है। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से छात्र को नोएडा और शिक्षिका को मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया है। परिजनों की सहमति के बाद दोनों को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के उनके घर भेज दिया गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला ताजगंज थाना क्षेत्र का है। 11वीं का छात्र पढ़ाई के दबाव और घर में डांट पड़ने से परेशान था। बीते 4 अगस्त को वह स्कूल प्रोजेक्ट के नाम पर ₹3000 लेकर निकला और अपनी साइकिल दोस्त के घर खड़ी कर गायब हो गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, तो पता चला कि उसे ट्यूशन पढ़ाने वाली 38 वर्षीय शिक्षिका (जो शादीशुदा हैं और 2 बच्चों की मां हैं) भी लापता हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्र के परिजनों ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई, वहीं शिक्षिका के पति ने भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दी।

ये भी पढ़ें:- भतीजी की ह/त्या कर पैरों में ठोंकीं 6 कीलें, फिर नमक डालकर खेत में गाड़ी ला/श... यूं खुला राज

पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल निकाली, जिससे साफ हुआ कि वे लगातार संपर्क में थे। इसके बाद आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों एक साथ ट्रेन में सवार होते दिखे। जांच में सामने आया कि दोनों पहले ग्वालियर पहुंचे, फिर बयाना होते हुए कैलादेवी मंदिर गए। वहां दर्शन करने के बाद दोनों अलग-अलग शहरों (नोएडा और मथुरा) के लिए निकल गए, जहां से पुलिस ने उन्हें तलाश लिया।

पूछताछ में शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि छात्र घर में डांट पड़ने की वजह से काफी तनाव में था और अक्सर रोता था। 4 अगस्त को छात्र ने फोन कर आत्महत्या करने की बात कही, जिससे वह घबरा गईं और उसे गलत कदम उठाने से रोकने के लिए अपने साथ ले गईं। शिक्षिका के मुताबिक, बाद में उन्हें अपने फैसले के गलत होने का अहसास हुआ, लेकिन डर के कारण वे वापस लौटने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थीं। वहीं थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने आगे किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static