बिजनेसमैन के घर-दुकान में बड़ा खेल, छापे में 70-80 कट्टों ने खोला लाखों का राज, बोरियां खोलते ही... 7 क्विंटल ...

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 01:31 PM (IST)

हाथरस : उत्तर प्रदेश के हाथरस में जिला प्रशासन ने छापेमारी कर एक स्टेशनरी व्यवसायी के घर और दुकान से एक से 10 रुपये तक के सिक्कों का बड़ा जखीरा बरामद किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रशासन ने इसे अवैध कारोबार बताया।

70 से 80 कट्टों में मिले सिक्के
अधिकारियों के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के नयागंज निवासी नवीन कुमार स्टेशनरी का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि उनके मकान में बड़ी मात्रा में सिक्के रखे हुए हैं। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में टीम ने व्यवसायी की दुकान और मकान पर छापेमारी की तथा दोनों जगहों से 70 से 80 कट्टों में भरे नए और पुराने सिक्के बरामद किये। छापेमारी के दौरान नवीन कुमार मौके पर मौजूद नहीं थे।

रिश्तेदार ने बताया कारोबार का तरीका
मौके पर मौजूद उनके रिश्तेदार दिलीप कुमार ने बताया कि उनके पास तीन से चार लाख रुपये के सिक्के थे और वह उन्हें तीन से चार प्रतिशत कमीशन पर बेचते हैं। उन्होंने बताया कि उनका चालक 500 और 1,000 रुपये के सिक्कों के पैकेट दिल्ली के मेट्रो स्टेशन और रेलवे स्टेशन जैसे स्थानों पर पहुंचाता था। दिलीप कुमार ने दावा किया कि ये सिक्के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से लिए जाते हैं।

जांच के बाद होगा पूरा खुलासा
एसडीएम राजबहादुर सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्कों का व्यापार प्रतिबंधित है और यह अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सिक्के किस माध्यम से प्राप्त किए गए थे। अधिकारी ने बताया कि अगर सिक्के नकली पाए गए तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी सिक्कों को 'करेंसी चेस्ट' में रखवाया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही सिक्कों की कुल कीमत और इस कारोबार के पूरे नेटवर्क का पता चल सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static