लव मैरिज का दुखद अंत: शादी के एक माह बाद युवक ने दी जान, मामले की जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 06:37 PM (IST)

बरेली: बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के करीब एक महीने बाद एक युवक का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया गांव निवासी फैजान (28) के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में काम करता था।

पुलिस के मुताबिक फैजान ने करीब एक महीने पहले जास्मीन (22) से प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद वे दोनों परिवार से अलग किराये के मकान में रह रहे थे। जास्मीन के अनुसार, शनिवार रात फैजान खाना खाने के बाद सो गया और रविवार सुबह जब उसकी आंख खुली तो फैजान का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। जास्मीन के अनुसार उसने तत्काल मायके और ससुराल वालों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। 

पुलिस ने जास्मीन के हवाले से बताया कि प्रेम विवाह से फैजान के परिवार के कुछ सदस्य नाराज थे और परिवार से दूरी के कारण फैजान तनाव में रहता था। वहीं, मृतक के परिजन ने शव के सिर से खून निकलने की बात पुलिस को बताई है। इस कारण उन्होंने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताया है। 

पुलिस क्षेत्राधिकारी (द्वितीय) नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजन के बयान दर्ज किए हैं। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

static