हाथ में खाली सिलेंडर और सांसों की जंग: गैस एजेंसी पर अचानक गिरा 75 साल का शख्स, 2 युवकों ने दी CPR पर नहीं बची जान
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 02:19 PM (IST)
Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक ऐसी मर्माहत करने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर दिया है। यहाँ गैस सिलेंडर पाने की जद्दोजहद में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद बुजुर्ग को अचानक दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
3 घंटे का इंतजार और मौत का बुलावा
घटना फर्रुखाबाद के गढ़ी खान खाना मोहल्ले की है। यहाँ के निवासी मुख्तार अंसारी (75) शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे घर से खाली सिलेंडर लेकर गैस एजेंसी के लिए निकले थे। उन्हें उम्मीद थी कि आज घर में चूल्हा जल जाएगा। करीब 9:00 बजे तक वह कतार में लगे रहे, लेकिन अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो
इस घटना का एक भावुक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि बुजुर्ग जमीन पर बेसुध पड़े हैं और मोहल्ले के दो युवक उन्हें बचाने की आखिरी कोशिश के तौर पर बारी-बारी से CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) दे रहे हैं। ई-रिक्शे से उन्हें तुरंत हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. उदयराज सिंह के पास ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मुख्तार अंसारी की सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे और भतीजे का छलका दर्द
मृतक के बेटे शाहनवाज ने बताया कि पिता घर में गैस खत्म होने की वजह से सुबह जल्दी निकल गए थे। वह एक दिन पहले भी एजेंसी गए थे, लेकिन तब उन्हें अगले दिन आने को कहा गया था। भतीजे मोहम्मद बसीर ने बताया कि चाचा के हाथ में गैस की पर्ची थी और वो बस अपना हक लेने गए थे, लेकिन कतार की थकान और तनाव ने उनकी जान ले ली।
प्रशासनिक चिंता का विषय
यह घटना उस समय हुई है जब कई इलाकों से गैस की किल्लत और लंबी कतारों की खबरें आ रही हैं। बुजुर्ग की मौत ने एक बार फिर गैस वितरण प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

