मातम में बदलीं शादी की खुशियां: चाचा की बारात में जा रहे थे 3 चचेरे भाई, अज्ञात काल ने पीछे से रौंदा
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 11:04 AM (IST)
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार की शाम खुशियां मातम में बदल गईं। रामपुर मथुरा इलाके में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक सगे और चचेरे भाई थे, जो अपने चाचा की शादी के जश्न में शामिल होने जा रहे थे।
शादी की खुशियों पर फिरा पानी
हादसा रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बसुरा गांव के पास हुआ। मृतक युवकों की पहचान 30 वर्षीय गोलू, उसके चचेरे भाई 27 वर्षीय कुलदीप और 25 वर्षीय सुजीत के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, तीनों भाई एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर खुशी-खुशी अपने चाचा की शादी में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में काल बनकर आए एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उन्हें रौंद दिया।
टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर ही निकले प्राण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को पीछे से इतनी जोर से टक्कर मारी कि तीनों भाई उछलकर सड़क पर गिर पड़े। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को तुरंत रामपुर मथुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और फरार वाहन की तलाश
रामपुर मथुरा के एसएचओ श्यामू कनौजिया ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

