कन्नौज एनकाउंटर: ₹7 लाख का कर्ज चुकाने के लिए महिला की हत्या, घर का भेद जानने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 12:24 PM (IST)
Kannauj News: कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर गहने लूटने वाले वांछित आरोपी शालू उर्फ शल्लू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से महिला से लूटे गए गहने, लूटी गई मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बंद कमरे में मिला था शव, CCTV फुटेज से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि 25 मई की दोपहर छिबरामऊ के बनवारी नगर में मंजू वर्मा की हत्या कर दी गई थी। मृतका के पति राजीव वर्मा ने तहरीर में बताया कि वह बेटे सुभांशु के साथ दुकान से घर लौटे तो दरवाजा खुला मिला और अंदर कमरे में उनकी पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी थीं, उनकी नाक से खून निकल रहा था और चेहरे पर चोट के निशान थे। तहरीर के आधार पर थाना छिबरामऊ में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान घर के पास गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक अज्ञात व्यक्ति लाल मोटरसाइकिल लेकर पैदल जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
आरोपी शालू के पैर में लगी गोली, लूटे गए गहने बरामद
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरुवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी छिबरामऊ-फर्रुखाबाद रोड पर इंडियन पेट्रोल पंप के पास मौजूद है जिसके बाद छिबरामऊ थाना पुलिस और विशेष अभियान समूह/सर्विलांस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी शालू उर्फ शल्लू (37) ने पुलिस पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 6 अंगूठियां, एक ब्रेसलेट, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स, एक चेन, एक मोटरसाइकिल, एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा, दो कारतूस, एक मोबाइल फोन और 500 रुपये बरामद किए।
₹30 हजार का उधार न मिलने पर पूर्व कर्मचारी ने की हत्या
पुलिस ने कहा कि पूछताछ में आरोपी शालू ने बताया कि वह महिला के पति राजीव वर्मा के लिए 3 साल पहले काम कर चुका है, इसलिए उसे परिवार के लोगों के आने-जाने का समय पता था। 25 मई को दोपहर करीब पौने 2 बजे वह उनके घर पहुंचा। उस समय मंजू घर पर अकेली थीं। करीब 2 घंटे तक घरेलू बातें करने के बाद उसने मंजू से 30 हजार रुपए उधार मांगे। उसने कहा कि आरोपी ने कहा कि उस पर 6 से 7 लाख रुपए का कर्ज था और लोग उसे परेशान कर रहे थे। जब मंजू ने रुपए देने से इनकार कर दिया तो उसने मंजू के चेहरे पर घूंसे मारे। मंजू बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद उसने मंजू के पहने हुए गहने उतारे और घर में खड़ी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शालू का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

