अवैध स्पा सेंटरों पर चला प्रशासन का हंटर: एक साथ 6 सेंटर सील, बिना लाइसेंस और NOC के चल रहा था खेल!

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 02:32 PM (IST)

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर में चल रहे स्पा सेंटरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे 6 स्पा सेंटरों को भारी अनियमितताएं मिलने पर तत्काल प्रभाव से बंद (सील) कर दिया गया है।

भारी फोर्स के साथ अचानक हुई छापेमारी
पुलिस अधीक्षक (SP) सोमेंद्र मीणा के कड़े निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट, सिविल लाइन थाना प्रभारी और मिशन शक्ति की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर दस्तक दी। जैसे ही पुलिस और फायर विभाग की गाड़ियां स्पा सेंटरों के बाहर रुकीं, संचालकों और वहां मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स को सील कर सघन तलाशी ली।

जांच में खुलीं लापरवाही की परतें
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने जब स्पा सेंटरों के दस्तावेज खंगाले, तो कई चौंकाने वाली खामियां सामने आईं। अधिकांश स्पा सेंटरों के पास नगर पालिका परिषद की अनिवार्य स्वीकृति (Permission) नहीं थी। आग से बचाव के लिए जरूरी NOC (अनापत्ति प्रमाणपत्र) भी नहीं लिया गया था, जो सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा खतरा था। सेंटरों पर न तो आने-जाने वालों का सही रजिस्टर मेंटेन था और न ही काम करने वाले कर्मचारियों के पहचान पत्रों का पूरा रिकॉर्ड रखा गया था।

इन 6 स्पा सेंटरों पर जड़ा गया ताला
प्रशासन ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले निम्नलिखित सेंटरों को सील कर दिया है:-
- रोज थेरपी स्पा सेंटर (शौकत अली रोड)
- गोल्ड क्लासिक स्पा एंड सैलून (आवास विकास)
- गोल्डन हैंड स्पा सेंटर (फ्रेंड्स कॉलोनी)
- गोल्डन हैंड स्पा सेंटर (शौकत अली रोड)
- मैंगो स्पा सेंटर (शौकत अली रोड)
- प्रियंका लीफ स्पा पार्लर (एलआईसी रोड)

एसपी की सख्त चेतावनी-'अवैध काम बर्दाश्त नहीं'
एसपी सोमेंद्र मीणा ने दो-टूक शब्दों में कहा कि जिले में स्पा सेंटर की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अन्य संचालकों को भी चेतावनी दी है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें, वरना अगली बारी उनकी हो सकती है। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य स्पा और पार्लर संचालकों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय निवासियों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static