इश्क का खूनी अंत: प्रेमी से झगड़ा कर चलती ट्रेन से कूदी प्रेमिका, आंखों के सामने हुए शरीर के दो टुकड़े

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 02:27 PM (IST)

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने प्रेम और विश्वास के रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उत्तराखंड की सैर पर निकले एक प्रेमी जोड़े के बीच चलती ट्रेन में मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि महिला ने अपने प्रेमी की आंखों के सामने ही मौत को गले लगा लिया। ट्रेन से छलांग लगाते ही महिला पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसके शरीर के 2 टुकड़े हो गए और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
मृतक महिला की पहचान मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी रुखसाना के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रुखसाना की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी सद्दाम से हुई थी। प्यार का परवान ऐसा चढ़ा कि शादीशुदा रुखसाना ने अपने पति और घर को छोड़ दिया और सद्दाम के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी।

मौज-मस्ती का सफर बना मौत का सफर
दोनों मैनपुरी से उत्तराखंड की हसीन वादियों में घूमने के लिए निकले थे। सफर के दौरान सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बरेली सिटी रेलवे स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर पहले अचानक दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। यात्रियों के मुताबिक, झगड़ा इतना बढ़ गया कि रुखसाना आपा खो बैठी और चलती ट्रेन के दरवाजे से नीचे कूद गई।

प्रेमी की आंखों के सामने मंजर
जैसे ही रुखसाना ने छलांग लगाई, सद्दाम उसे देखता ही रह गया। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण रुखसाना सीधे पटरी के नीचे आ गई। इस खौफनाक मंजर को देखकर ट्रेन में सवार यात्री सहम गए। यात्रियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए सद्दाम को पकड़ लिया और भागने का मौका नहीं दिया।

पुलिस की कार्रवाई और सद्दाम से पूछताछ
ट्रेन रुकते ही सूचना जीआरपी (Government Railway Police) को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रुखसाना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी प्रेमी सद्दाम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि झगड़े की असली वजह का पता चल सके। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं। क्या यह केवल आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह थी, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static