लंबे समय बाद लखनऊ दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, राजनीतिक हलचल तेज

punjabkesari.in Monday, Jul 31, 2017 - 05:54 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी लंबे समय बाद कल लखनऊ दौरे पर आ रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जीशान हैदर ने बताया कि गांधी कल सुबह लखनऊ आ रहे हैं। उसके बाद वह अंबेडकरनगर जाएंगे। गांधी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर से मिलेंंगे। बब्बर किसानों के साथ धरने पर बैठे थे।

गांधी के राजधानी लखनऊ दौरे से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह के 3 दिन के दौरे के बाद गांधी के दौरे ने यहां राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष लम्बे समय बाद लखनऊ आ रहे हैं। विधान चुनाव के पहले लखनऊ में राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ रोड-शो किया था। इसके बाद से वह लखनऊ नहीं आए थे। राहुल गांधी किसानों की भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

गांधी का कार्यक्रम अंबेडकरनगर जाने का है जहां किसानों के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर धरने पर बैठे थे। इसके साथ ही उनका अमेठी भी जाने का कार्यक्रम है। इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष पार्टी के कार्यकर्त्ता तथा संगठन के बड़े पदाधिकारियों के साथ बैठक करेगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर अम्बेडकरनगर में कल से बसखारी क्षेत्र के डोडो गांव के पास किसानों के साथ ‘काम रोको आंदोलन’ में धरने पर बैठ गए थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने केन्द्र और राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होने आज अपना धरना समाप्त कर दिया है।