फुल एक्शन मोड़ में योगी सरकार, उपेंद्र तिवारी के बाद श्रीकांत शर्मा ने लगाई अपने दफ्तर में झाड़ू

punjabkesari.in Friday, Mar 24, 2017 - 05:57 PM (IST)

लखनऊ-सीएम की गद्दी संभालते ही योगी आदित्य नाथ जहां फुल ऐक्शन मोड में नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके मंत्री भी उनका खुलकर साथ दे रहे हैं। आदित्य नाथ ने दफ्तरों में गुटका और पान खाने पर रोक लगाई थी। फैसला दफ्तरों की स्वच्छता को ध्यान में रख कर लिया गया है। इसी तरह कैबिनेट के बाकी मंत्री भी स्वच्छता पर ध्यान दे रहे हैं।
                 

खुद झाड़ू लेकर अपने दफ्तर की सफाई में जुटे श्रीकांत शर्मा
यूपी सरकार कैबिनेट में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा को ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है और वो भी फुल एक्शन मोड में काम करते नजर आ रहे हैं। नई सरकार में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा शुक्रवार(24 मार्च) को अपने लखनऊ स्थित कार्यालय में फैली गंदगी देखकर गुस्सा हो गए और फिर उन्होंने खुद ही साफ-सफाई का काम करना शुरू कर दिया। श्रीकांत शर्मा खुद झाड़ू लेकर अपने दफतर की सफाई करने में जुट गए। झाड़ू लगाने के अलावा उन्होंने अपने विभाग की जरूरी फाइलों की भी सफाई की। 
               
                     
मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने भी की खुद सफाई 
इस दौरान ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय अग्रवाल भी उन्हीं के साथ मौजूद थे। बता दें कि यूपी सरकार के नए मंत्री अपने दफ्तरों की स्वच्छता को लेकर काफी सजग हैं। बीते गुरुवार (23 मार्च) को लखनऊ में विधानसभा परिसर में भी मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने भी गंदगी देखने पर खुद सफाई करना शुरू कर दिया था।


यूपी सीएम योगी आदित्य नाथ ने अपने सभी मंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे अपने आस-पास के इलाक़ों के सफाई का जिम्मा खुद उठाएं और हर मंत्री चाहे वो किसी भी विभाग का हो हर साल 100 घंटे सफाई के लिए दे। आदित्य नाथ के सीएम बनने के बाद प्रशासन काफी मुस्तैद नजर आ रहा है।