मायावती का जोरदार हमला, कहा-चुनाव के बाद ‘वेंटिलेटर’ पर चली जाएगी सपा

punjabkesari.in Monday, Feb 27, 2017 - 07:03 PM (IST)

कुशीनगर: बहुजन समाज पार्टी मुखिया मायावती ने आज सपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद सपा को सांस लेने के लिये ‘वेंटिलेटर’ की जरूरत पड़ेगी।

सपा को न बबुआ न भाभी बचा पाएंगी 
मायावती ने यहां एक चुनावी सभा में कटाक्ष किया, ‘‘सपा को ना तो बबुआ (अखिलेश) और ना ही भाभी (डिंपल) बचा पाएगी। आगामी 11 मार्च को जैसे ही विधानसभा चुनाव का परिणाम आयेगा, सपा खुद ब खुद वेंटिलेटर पर चली जाएगी।’’ बसपा मुखिया का यह बयान मुख्यमंत्री की पत्नी डिंपल द्वारा जौनपुर में कल दिये गये उस बयान के बाद आया है, जिसमेंे उन्होंने कहा था कि बुआजी (मायावती) अपने हाथ में राखी लिये तैयार हैं और सपा-कांग्रेस गठबंधन होने के बाद उन्हें बहुत तकलीफ हो रही है। 

मुलायम ने पुत्र मोह में किया शिवपाल का अपमान
मायावती ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की भी आलोचना करते हुए कहा, ‘‘मुलायम सिंह यादव ने पुत्र मोह में अपने भाई शिवपाल यादव का अपमान किया है और वह चुनाव में सपा को नुकसान पहुंचाएंगे।’’  उन्होंने एक बार फिर कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर वह अलग पूर्वांंचल राज्य बनाने के लिये काम करेंगी। 

भाजपा को बताया-भारतीय जुमला पार्टी
बसपा प्रमुख ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा दरअसल ‘भारतीय जुमला पार्टी’ है और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान ‘गुरू-चेले’ (नरेन्द्र मोदी और अमित शाह) ने जो वादे किये थे, वे पूरे नहीं हुए। जनता इस चुनाव में इन दोनों को करारा जवाब दे। मायावती ने कहा कि केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों की वजह से जनता को परेशानी हो रही है। भाजपा उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने पर दूध और दही की नदियां बहाने की बात कर रही है। क्या पूर्व में केन्द्र में अपनी छह साल की सरकार के कार्यकाल में उसने एेसा किया था?