गठबंंधन के बाद फंसा सपा-कांग्रेस में पेंच, प्रियंका ने अखिलेश को भेजा ये संदेश

punjabkesari.in Saturday, Jan 28, 2017 - 01:33 PM (IST)

लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस में गठबंंधन के बाद भी पेंच फंस गया है। दरअसल एक दूसरे के गढ़ में अपने उम्मीदवार न उतारने के लिए दोनों पार्टियों के बीच समझौता हुआ है। कांग्रेस ने वादे के मुताबिक उन सभी सीटों से अपने उम्मीदवार हटा लिए जहां पर सपा का बर्चस्व है लेकिन सपा ने ऐसा नहीं किया जिसकी वजह से दोनों पार्टियों में अनबन बनी हुई है। 

अब इन दोनों पार्टियों के बीच अमेठी और रायबरेली की सीट को लेकर पेंच फंसा है। उसी पेंच को सुलझाने के लिए प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को संदेशा भेज पुराना वादा याद दिलाया है।

क्या लिखा है संदेश में?
मुख्यमंत्री अखिलेश को भेजे गए संदेश में प्रियंका ने लिखा है, 'आपके लिए हमने आजमगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा की सारी सीटें छोड़ दीं, जो कि आपका गढ़ था, तो फिर आप भी अमेठी-रायबरेली की सभी 10 सीटें हमें देने का अपना किया वादा निभाइये। उम्मीद है, आप निभाएंगे उम्मीद है कि, आप वायदे से मुकरेंगे नहीं।'

सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका ने रायबरेली और अमेठी के कांग्रेस नेताओं को आज फिर संदेश दिया है कि पार्टी सभी 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, आप लोग पूरी तैयारी रखें।

अमेठी सीट पर सबसे बड़ा पेंच
यहां गौर करने वाली बात यह है कि अमेठी और रायबरेली की कई विधानसभा सीटों पर सपा ने पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रखी है। यहां अमेठी विधानसभा सीट पर सबसे बड़ा पेंच है, क्योंकि मुलायम सिंह के करीबी गायत्री प्रजापति यहीं से मैदान में हैं, जिनको लेकर यादव पिता-पुत्र में पहले ही काफी विवाद हो चुका है। अब देखना ये भी दिलचस्प होगा कि ये विवाद सुलझ पाता है या फिर इस अनबने रिश्ते के साथ ही दोनों दले चुनाव प्रचार में उतरेंगे। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें