Agra News: शिक्षिका-छात्र का रिश्ता हुआ तार-तार, स्टूडेंट ने की ऐसी हरकत के शर्म से पानी पानी हो गई टीचर

punjabkesari.in Saturday, Oct 05, 2024 - 01:22 PM (IST)

Agra News: (मानवेंद्र मल्होत्रा) उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जहां एक युवक ने टीचर को अपने प्रेम के जाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। जिसके बाद वह उसे ब्लैकमेल कर उसका शोषण करता रहा। जब टीचर ने छात्र से दूरी बनाई तो उसने वह वीडियो अपने दोस्तों को दे दिया, जिसके बाद वे भी टीचर को फोन करके अपने पास बुलाने लगे। बात ना मानने पर छात्रों ने इंस्टाग्राम पर पेज बना दिया। इतना सब होने के बाद मिशन शक्ति अभियान ने पीड़ित टीचर को हिम्मत दी और वह पुलिस से मिली। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश चल रही है।

जानिए, क्या है मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती शाहगंज क्षेत्र की निवासी है। मथुरा के जैत क्षेत्र में किराए पर मकान लेकर रहती थी। वह एक स्कूल में नौकरी करती थी। दसवीं का एक छात्र पढ़ाई में कमजोर था। उम्र भी अधिक थी। शिक्षिका को लगा कि वह उसकी मदद कर सकती है। उसे अतिरिक्त समय देना शुरू कर दिया। छात्र ने भी धीरे-धीरे शिक्षिका का भरोसा जीत लिया। करीब आ गया। वीडियो बना लिया। वीडियो से ब्लैकमेल करने लगा। जब मन करता शोषण करता। शिक्षिका ने उससे दूरी बना ली। नौकरी छोड़ने की ठान ली। अपने घर आ गई। छात्र का फोन उठाना बंद कर दिया। नंबर ब्लॉक कर दिया।

बताया जा रहा है कि टीचर उसके खिलाफ शिकायत की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। इसी बीच उसे एक गहरा धक्का लगा। छात्र ने शिक्षिका का वीडियो अपने गांव के तीन और युवकों को दे दिया। वे शिक्षिका को फोन करने लगे। व्हाट्स एप पर वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने लगे। अपने पास आने का दबाव बनाने लगे। शिक्षिका ने खुदकुशी का प्रयास किया। स्कूल छोड़ दिया। क्या करे समझ नहीं पा रही थी। सोशल मीडिया से मिशन शक्ति अभियान की जानकारी हुई। उसे लगा कि अब पुलिस ही मदद कर सकती है। छात्र के दोस्तों ने इंस्टाग्राम पर एक पेज बना लिया है, वीडियो अपलोड कर दिया।

दबिश देकर तीन आरोपी उठाए
पीड़िता ने डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय से संपर्क किया। उन्होंने घटना को गंभीरता से लिया। पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। पीड़िता चाहती है कि सभी जगह से वीडियो डिलीट हो जाए। उसे मुकदमा नहीं लिखाना पड़े। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि पूरी मदद होगी। पहचान गोपनीय रहेगी। आरोपित भी जेल जाएंगे। उन्हें सजा भी दिलाई जाएगी।

एक आरोपित की तलाश में दबिश
इंस्टाग्राम पर पेज बनाने वाला आरोपित पुलिस के हाथ नहीं आया है। इस मामले में शनिवार को यानी आज (5 अक्टूबर) पुलिस बड़ी कार्रवाई कर सकती है। पीड़िता से तहरीर मांगी गई है। वह तहरीर नहीं देगी तो पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई करेगी। कई जगह से वीडियो डिलीट करा दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static