Rohit Shetty Firing Case: आगरा की गलियों में छिपा था शूटर, STF ने बिछाया ऐसा जाल कि हिल गया लोणकर गैंग
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 07:02 AM (IST)
Agra News: मुंबई के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ (UP STF) और मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक जॉइंट ऑपरेशन में वारदात के मास्टरमाइंड प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है।
ताजनगरी में छिपा था शूटर
फरवरी की उस खौफनाक रात के बाद से ही प्रदीप पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। लेकिन शनिवार, 21 मार्च 2026 को पुलिस का जाल बिछ गया। गुप्त सूचना के आधार पर आगरा के बाह इलाके में घेराबंदी की गई और दोपहर करीब 3:50 बजे 23 वर्षीय प्रदीप को धर दबोचा गया। वह मूल रूप से आगरा के ही महावीर नगर का निवासी है।
क्या थी वारदात?
- तारीख: 1 और 2 फरवरी 2026 की दरमियानी रात।
- स्थान: रोहित शेट्टी का मुंबई स्थित आवास शेट्टी टॉवर।
- घटना: बेखौफ बदमाशों ने घर के बाहर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं।
- मकसद: जांच में पता चला कि शुभम लोणकर गैंग ने दहशत फैलाने और रंगदारी (Extortion) वसूलने के लिए इस हमले की साजिश रची थी।
रील लाइफ नहीं, रियल क्राइम का चस्का
पूछताछ में प्रदीप ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह सोशल मीडिया पर अपराधियों के गैंगस्टर लाइफस्टाइल वाले वीडियो देखकर प्रभावित हुआ था। इसी के चलते उसने शुभम लोणकर गैंग का हाथ थामा। यह पहला मौका नहीं है, प्रदीप पहले भी अवैध हथियारों के साथ जेल जा चुका है।
आगे की कार्रवाई
इस मामले के चार आरोपी पहले ही बहादुरगढ़ (हरियाणा) से पकड़े जा चुके थे। प्रदीप आखिरी कड़ी था जो अब पुलिस के हाथ लग गया है। आगरा कोर्ट में पेशी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जा रहा है, जहां कड़ी पूछताछ में गैंग के और भी राज खुलने की उम्मीद है।

