पिता की अस्थियां संगम में विसर्जन करने परिवार संग इलाहाबाद पहुंची ऐश्वर्या राय

punjabkesari.in Saturday, Aug 05, 2017 - 07:18 PM (IST)

इलाहाबाद: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय अपने पति अभिषेक बच्चन के साथ आज इलाहाबाद आईं। ऐश्वर्या के साथ उनकी छह वर्षीय बेटी आराध्य, मां वृंदा राज और भाई आदित्य राज भी थे। ऐश्वर्य अपने पिता की अस्थियां संगम में विसर्जन करने के लिए आई थीं। 

ऐश्वर्या अपने परिवार के साथ एक एसयूवी में संगम पहुंची जहां ये सभी एक नाव से संगम पहुंचे और वहां पर मंत्रोच्चारण के बीच ऐश्वर्या के पिता कृष्णराज राय की अस्थियां प्रवाहित की गईं। कृष्णराज राय का इस साल मार्च में देहावसान हो गया था। 

जिलाधिकारी संजय कुमार ने कहा, ‘‘यह बच्चन परिवार की निजी यात्रा थी और उन्होंने इस निजता का ख्याल रखने का प्रशासन से अनुरोध किया था। इसलिए बहुत कम संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई थी। संगम में अनुष्ठान करने के तुरंत बाद वे वहां से चले गए।’’ 

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बच्चन परिवार ने एक दशक पहले इस शहर का दौरा किया था। उस समय सुपरस्टार अमिताभ बच्चन अपनी मां तेजी बच्चन की अस्थियां विर्सिजत करने के लिए अपने बेटे अभिषेक के साथ यहां आए थे। बच्चन परिवार की जड़े इस शहर से गहराई से जुड़ी हैं। अमिताभ बच्चन का बचपन यहीं गुजरा और पचास के दशक में यह परिवार दिल्ली चला गया।