अखिलेश का प्लान तैयार: कांग्रेस-लोकदल से गठबंधन के बाद शुरू करेंगे चुनाव प्रचार

punjabkesari.in Monday, Jan 16, 2017 - 03:23 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) में अपने खेमे के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगामी 19 जनवरी से आगरा और अलीगढ़ में रैलियों को संबोधित कर विधानसभा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। इससे पहले अखिलेश यादव 18 जनवरी को उम्मीदवारों की सूची और चुनाव घोषणा पत्र जारी करेंगे।

अखिलेश यादव के एक नजदीकी ने बताया कि मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार अभियान के दौरान कम से कम तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। उनका कहना था कि प्रचार अभियान के शुरु करने से पहले अखिलेश यादव कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल से गठबंधन को अंतिम रुप दे देंगे। इस बार मुख्यमंत्री की पत्नी डिंपल यादव भी पार्टी की स्टार प्रचारक होंगी। पहले चरण के लिये नामांकन प्रक्रिया कल से और दूसरे चरण के लिए 20 जनवरी से शुरु हो जायेगी। 

पहले चरण में मतदान 11 फरवरी को 73 सीटों, दूसरे चरण में 15 फरवरी को 67 सीटों के लिए मतदान होगा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगरा और अलीगढ के रैली को सफल बनाने के लिये जुट जाने के साथ ही सभी को अपने अपने क्षेत्र में रहने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने 29 दिसम्बर को बाह से सीट से घोषित पूर्व मंत्री अरिमर्दन सिंह समेत 235 उम्मीदवारों की सूची घोषित की थी, लेकिन श्री सिंह दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। इसलिये उनके स्थान पर दूसरा उम्मीदवार घोषित किया जायेगा। अखिलेश यादव कुछ और सीटों पर प्रत्याशियों को बदल सकते हैं।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें