''BJP की धर्म और धन की राजनीति खत्म'', चढ़ावा चोरी और महंगाई को लेकर अखिलेश का बड़ा हमला, बोले- जो भाजपा का साथी, वो रामघाती

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 04:51 PM (IST)

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि 'चढ़ावा-चंदा-दान' चोरी का मामला सामने आने के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'धर्म' और 'धन' दोनों की राजनीति का अंत हो गया है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सरकार पर आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार कच्चे तेल की गिरती अंतरराष्ट्रीय कीमतों का फायदा ग्राहकों तक नहीं पहुंचा रही है। यादव ने 'एक्स' पर कहा कि दुनिया भर में कच्चे तेल के दाम गिरने से पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी कमी आई है और दूसरे देशों की जनता को तेल के घटे दामों के रूप में लाभ मिला है लेकिन इसके विपरीत भारत में भाजपा सरकार दाम नहीं घटा रही है और सरकार कंपनियों को लगातार फायदा पहुंचाने में लगी है।

'भाजपा सरकार कंपनियों की सगी, जनता की नहीं'
उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा सरकार कंपनियों की सगी है जनता की नहीं। भारत में तेल या किसी भी चीज के दाम का अपना अनोखा 'भ्रष्ट अर्थशास्त्र' है, जो मांग-आपूर्ति से नहीं बल्कि 'भाजपाई कमीशनखोरी' से चलता है, जो कंपनियों के मुनाफे से जुड़ा है।"

'महंगाई की वजह भाजपा की कमीशनखोरी'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान्य शब्दों में कहें तो कंपनियों का लाभ जितना ज्यादा होगा, भाजपा को कमीशन भी उतना ज्यादा मिलेगा इसलिए हमारे यहां हर चीज के दाम बढ़ने या कुल मिलाकर कहें कि महंगाई बढ़ने का कारण भाजपा की कमीशनखोरी है।

'भाजपा के लिए धन ही धर्म'
यादव ने कहा कि मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद भक्तों को समझ आ गया है कि भाजपा के लिए 'धन' ही 'धर्म' है। उन्होंने कहा, "अब तो भाजपा और उनके संगी-साथियों को देखकर लोग दरवाजा बंद कर रहे हैं। भाजपा की धर्म की राजनीति का अंत हो गया है इसलिए वे अब केवल धन की राजनीति करेगी, इससे भ्रष्टाचार भी बेतहाशा बढ़ेगा और महंगाई भी।"

'जनता पाप के पैसों की हिस्सेदार नहीं बनेगी'
यादव ने कहा कि भारत की जनता पाप के पैसों की हिस्सेदार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा, "चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने की वजह से भाजपा की धर्म और धन दोनों राजनीति का अंत हो गया है। भाजपा अब कहीं की नहीं रही।"


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static