अखिलेश सरकार हर मोर्चे पर विफल, बर्बादी के कगार पर हैं किसान: बलियान

punjabkesari.in Wednesday, Nov 23, 2016 - 08:35 PM (IST)

बुलन्दशहर: केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान ने प्रदेश की समाजवादी पार्टी(सपा) सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए आज कहा कि सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है कि प्रदेश में कृषि विकास दर घट कर एक फीसदी रह गई है। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की ग्राम चोला में आयोजित परिवर्तन यात्रा में बालियान ने कहा कि यूं तो प्रदेश का किसान परेशान है लेकिन सरकार की गलत नीतियों के चलते गन्ना किसान बर्बादी के कगार पर चला गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चीनी मिलों का कर्जा तो माफ कर दिया लेकिन गन्ना किसानों के गन्ने का भुगतान कराने के लिए उसके पास धन नहीं है।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी(सपा) और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) सरकार के रहते प्रदेश का कुछ नहीं हो सकता। सिंह ने कहा कि प्रदेश में अपराधी भयमुक्त हैं और पुलिस उनके विरूद्ध कोई कार्रवाई करने में असहाय नजर आ रही है। जब से अखिलेश यादव की सरकार बनी है तब से प्रदेश में पुलिस पर हमले की 10217 घटनाएं हो चुकी हैं। राज्य के विकास के लिए भाजपा सरकार को जरूरी बताते हुए उन्होंने प्रदेश की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार सपा, बसपा, कांग्रेस को दर किनार करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास नारे को साकार करने के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएं ताकि प्रदेश की समस्याओं का समाधान हो सके और उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन सके।  

UP Breaking News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें