सपा सरकार पर बरसे कलराज, कहा-अखिलेश का विकास विज्ञापनों तक सीमित

punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2016 - 06:52 PM (IST)

लखनऊ: केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने आज उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर आरोप मढ़ा कि उसके शासनकाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और जिन विकास कार्यों के दावे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर रहे हैं, वे केवल विज्ञापनों तक सीमित हैं। 

ध्वस्त हो चुकी है प्रदेश की कानून व्यवस्था 
कलराज ने यहां संवाददाताआें से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जिस तरह की राजनीतिक परिस्थितियां बन रही हैं, उन क्रिया कलापों से जनता त्रस्त हो गयी है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। विकास कार्य केवल विज्ञापनों तक सीमित हैं।’’ उन्होंने लखनउ-आगरा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव में हुई सडक दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जहां कहीं भी निर्माण कार्य हो रहे हैं, सडकों का लोकार्पण हो रहा है, सड़कें ध्वस्त हो जा रही हैं।’’  

अखिलेश का विकास विज्ञापनों तक सीमित
कलराज ने कहा, ‘‘अगर देखा जाए तो अखिलेश सरकार के समय विज्ञापनों में तो काफी कार्य होता नजर आ रहा है लेकिन प्रत्यक्ष धरती पर कोई कार्य नहीं हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि लूट, हत्या, डकैती, मां बहनों की इज्जत से खिलवाड़ आम बात हो गयी है। ‘‘महिलाआें के सम्मान की रक्षा तो दूर....पिता के सामने बेटी का बलात्कार होता है और राज्य सरकार के मंत्री को यह कहने में भी संकोच नहीं होता कि इसमें राजनीति की जा रही है।’’ कलराज का इशारा बुलंदशहर और राज्य के अन्य जिलों में हुई गैंगरेप की घटनाआें और उन पर राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री के बयान की आेर था।  

परिवर्तन का मन बना चुकी है जनता
केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ने कहा कि जब सत्ताधारी दल में अंतर्कलह चल रही हो तो प्रशासनिक उद्दंडता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब परिवर्तन के लिए मन बना चुकी है क्योंकि उसे भरोसा है कि भाजपा ही कानून व्यवस्था दुरूस्त कर भ्रष्टाचार समाप्त कर सकती है। सुशासन के साथ विकास कर सकती है।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें