अखिलेश को लग सकता है एक और झटका, ये पूर्व मंत्री भी छोड़ेगी साथ

punjabkesari.in Saturday, Jan 21, 2017 - 03:27 PM (IST)

लखनऊ: सपा के दिग्गज नेता अंबिका चौधरी ने सपा को झटका देते हुए आज बीएसपी का दामन थाम लिया। इस झटके से सपा अभी संभल भी नहीं पाई है कि एक और पूर्व मंत्री के सपा छोडऩे की खबरें आने लगी हैं। समाजवादी पार्टी की मुस्लिम विधायक शादाब फातिमा बसपा ज्वाइन कर सकती हैं। शादाब फातिमा उत्तर प्रदेश की जहूराबाद विधानसभा से विधायक हैं। सूत्रों की मानें, तो इससे बसपा को मुस्लिम मतदाताओं में पैठ बनाने में मदद मिलेगी।

                 

जुझारू महिला विधायकों में से एक
शादाब फातिमा समाजवादी पार्टी की जुझारू महिला विधायकों में से रही हैं। शादाब फातिमा मंत्री थीं, पर अखिलेश यादव ने उन्हें हाल ही में मंत्री पद से हटा दिया था। फातिमा को मंत्री पद से हटाए जाने को लेकर मुलायम सिंह यादव बहुत नाराज हुए थे। कुछ दिनों पूर्व जब मुलायम सिंह यादव ने पार्टी कार्यालय में यह कहा था कि ऐसा संदेश गया है कि मुस्लिम विरोधी हैं अखिलेश, तो मुलायम ने शादाब फातिमा को मंत्री पद से हटाए जाने का भी जिक्र किया था। मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि अखिलेश ने महिला को मंत्री से हटा दिया। यह ठीक नहीं है।

बसपा को होगा फायदा
जानकारों की मानें, तो शादाब फातिमा अगर बसपा ज्वाईन करती हैं, तो निश्चित रूप से इससे बसपा को मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने में मदद मिलेगी। वहीं सपा के लिए यह एक और बड़ा झटका होगा। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें