Aligarh News: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी कैंपस में फायरिंग, 2 कर्मचारी घायल....सुरक्षाकर्मियों ने 2 हमलावरों को दबोचा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 24, 2024 - 12:18 PM (IST)

Aligarh News: उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के कैंपस में फायरिंग का मामला सामने आया है। जहां यूनिवर्सिटी के 2 कर्मचारियों पर फायरिंग की गई। घटना के बाद से AMU अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी सुरक्षाकर्मियों ने 2 हमलावरों को पकड़ लिया है। वहीं गोलीबारी की घटना सामने आने के बाद कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही आस-पास मौजूद सुरक्षाकर्मी चौकन्ने हो गए और हमलावरों को तुरंत धर दबोचा। इसके अलावा फायरिंग के दौरान घायल दोनों लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आगे की जांच में जुट गई।

जब AMU की कैंटीन में तड़तड़ाई थीं गोलियां
आपको बता दें कि पिछले साल सितंबर महीने में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जवाहरलाल नेहरू (JN) मेडिकल कॉलेज में फायरिंग का मामला सामने आया था। जहां घटना को अंजाम देने वाले बदमाश कैंटीन संचालक से हफ्ता मांग रहे थे। जब कैंटीन संचालक ने हफ्ता देने से साफ मना  कर दिया तो आरोपियों ने वहां फायरिंग कर दी थी। फायरिंग की इस घटना में एक महिला घायल हो गई थी।

इससे पहले भी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में हो चुकी है फायरिंग
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में गोलीबारी का मामला 2018 में भी सामने आया था। तब कैंपस के आरएम हॉल में फायरिंग हुई थी। जिसमें 2 छात्र घायल हुए थे। दोनों घायल छात्र सगे भाई थे। बताया गया था कि कुछ दबंग छात्र अन्य छात्रों से 3 लाख रुपये रंगदारी मांग रहे थे। जब रंगदारी देने से इनकार किया तो दबंगों ने छात्रों पर चाकू और तमंचे की बट से हमला कर दिया था। वहीं फायरिंग की इस घटना में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static