अमर सिंह को सपा से ‘निकाल दिया गया है,’ बूथ स्तर पर भी नहीं जीत सकते: राम गोपाल

punjabkesari.in Thursday, Mar 09, 2017 - 08:26 PM (IST)

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव ने निष्कासित नेता अमर सिंह पर आज यह कहते हुए तीखा हमला बोला कि उन्हें पार्टी से ‘‘निकाल दिया गया है।’’ यादव ने दावा किया कि सिंह एक बूथ (का चुनाव) भी नहीं जीत सकते। 

रामगोपाल ने यह टिप्पणी अमर सिंह के बहुत पास ही संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कही। अमर सिंह भी संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यद्यपि यह स्पष्ट नहीं है कि अमर सिंह ने रामगोपाल यादव की टिप्पणी सुनी या नहीं। रामगोपाल यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अमर सिंह ने कहा कि टिप्पणी ‘‘पार्टी की संस्कृति’’ दिखाती है। 

अमर सिंह के धुर आलोचक यादव ने कहा, ‘‘कौन हैं अमर सिंह? क्या वह एेसे व्यक्ति हैं जो बूथ स्तर पर जीत सकते हैं या किसी को हरा सकते हैं? कई बड़े लोग हैं लेकिन आपको (मीडिया) उनसे (सिंह) से बात करने का समय है। उन्हें निष्कासित किया जा चुका है, न केवल निष्कासित किया गया है बल्कि पार्टी से बाहर कर दिया गया है।’’  यादव उस सवाल का जवाब दे रहे थे जो उनसे अमर सिंह के इस बयान पर पूछा गया था कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को ‘‘सपा-कांग्रेस गठबंधन सहित अन्य दलों पर बढ़त हासिल है।’’