‘‘सपा का विभाजन पूरा हो गया है, इसे बचाने के लिए अब कोई राजनीतिक उपाय नहीं’’

punjabkesari.in Wednesday, Apr 05, 2017 - 08:02 PM (IST)

मिर्जापुर: सपा से निष्कासित नेता अमर सिंह ने आज कहा कि वह पार्टी में कभी वापस नहीं लौटेंगे। नवमी के अवसर पर ‘मां विंध्यवासिनी’ के दर्शन करने आये सिंह ने कहा, ‘‘सपा का विभाजन अब पूरा हो गया है...इसे बचाने के लिए अब कोई राजनीतिक उपाय नहीं है।’’ सपा में वापसी के बारे में उन्होंने कहा कि अब वह कभी पार्टी में वापस नहीं लौटेंगे। ‘‘एक बार पिता ने बाहर किया और फिर पुत्र ने।...मैं अब वापस जाने की बजाय घर पर बैठना पसंद करूंगा।’’  

दर्शन के लिए सिंह के साथ फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा भी आयी थीं।  सपा सहित राजनीतिक दलों द्वारा ईवीएम पर सवाल उठाये जाने के बारे में सिंह ने कहा कि यदि सपा-कांग्रेस गठबंधन की जीती सीटों पर बैलेट पेपर से चुनाव हो जाए तो वे अधिकांश हार जाएंगे। इससे पहले एक प्रेस कांफ्रेंस में सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। किसानों की कर्ज माफी पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा सवाल उठाये जाने पर उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की ईमानदारी पर अखिलेश संदेह नहीं कर सकते।