दो बाइकों की टक्कर से थर्राया अमेठी, सड़क पर बिछ गईं 3 लाशें... 7 लोगों की वो आखिरी निमंत्रण वाली रात!
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 10:09 AM (IST)
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। फुरसतगंज थाना क्षेत्र के निगोहा के पास सड़क किनारे खड़ी एक खराब ट्रक काल बन गई। दो बाइकों पर सवार होकर ससुराल से लौट रहे 7 लोग इस हादसे का शिकार हो गए, जिनमें से तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कैसे हुआ हादसा?
हादसा उस वक्त हुआ जब निगोहा के पास सड़क पर एक खराब ट्रक खड़ा था। अंधेरा या ट्रक की स्थिति का अंदाजा ना मिल पाने के कारण पीछे से आ रही दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें सीधे ट्रक से जा भिड़ीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार सभी सात लोग सड़क पर जा गिरे।
मृतकों और घायलों का विवरण
इस हादसे में 45 वर्षीय हीरालाल, अतुल और दिशा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य 4 लोगों को गंभीर हालत में रायबरेली के जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ससुराल से लौट रहा था परिवार
मृतकों के परिजनों ने बताया कि ये सभी लोग एक ही परिवार और रिश्तेदारी के थे। वे अपने ससुराल में एक निमंत्रण (कार्यक्रम) में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग हंसी-खुशी दो बाइकों पर सवार होकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुई इस अनहोनी ने सब कुछ खत्म कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही फुरसतगंज पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायबरेली रेफर किया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

