पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं संगीत सोम, मेरठ जिलाध्यक्ष ने हाईकमान को लिखा पत्र

punjabkesari.in Tuesday, Aug 29, 2017 - 02:30 PM (IST)

मेरठ (आदिल रहमान): भाजपा के साथ बगावत करने वाले मेरठ(सरधना) के विधायक संगीत सोम के खिलाफ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के यहां पहुंचे एक पत्र ने प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। मेरठ भाजपा के जिला अध्यक्ष द्वारा लिखे गए पत्र में आरोप  है कि बीजेपी विधायक पार्टी विरोधियों के साथ मिलकर पार्टी को हराने की रणनीति तैयार करने में लगे हुए हैं। 

मेरठ के भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा द्वारा 13 अगस्त को प्रदेश हाईकमान को एक पत्र लिखा गया। इस पत्र में पिछले दिनों हुए जिला पंचायत चुनाव में बागी विधायक संगीत सोम समेत भाजपा के कुछ जिला पंचायत सदस्य पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया। यही नहीं विधायक संगीत सोम पर आने वाले 2019 के संसदीय चुनाव से पहले ही एंटी भाजपा गठबंधन बनाना जिसका नेतृत्व भी संगीत सोम कर रहे हैं। संगीत सोम समाजवादी पार्टी के कैबिनेट मंत्री रहे शाहिद मंजूर और बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा के साथ मिलकर भाजपा को हराने का काम कर रहे हैं। 

पार्टी विरोधी काम करने वाले की जानकारी देना मेरा फर्ज-शिवकुमार राणा
जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा ने साफ कर दिया है कि जो भी पार्टी विरोधी काम करेगा उसकी जानकारी देना मेरा फर्ज है। कार्रवाई करना न करना ये प्रदेश अध्यक्ष का काम है। हालांकि जिलाध्यक्ष ने खुलकर संगीत सोम का नाम नहीं लिया, लेकिन जो बात उनके ज़ुबान पर नहीं आई वो उन्होंने पत्र में कही है। जिसमे साफ़ तौर पर भाजपा विधायक संगीत सोम और कुछ अन्य भाजपा नेताओं का जिक्र करते हुए कहा गया है कि उनके कार्य भाजपा के खिलाफ हैं और वो पार्टी विरोधी कामों को कर रहे हैं। 

अब सवाल यह उठता है भाजपा हाईकमान अपने स्टार प्रचारक, फायर ब्रांड नेता और मौजूदा विधायक पर क्या कार्रवाई करती है और क्या आने वाले वक्त में संगीत सोम किसी नए अवतार ने नजर आते हैं।