सपा में फिर घमासान: शिवपाल के बाद अपर्णा ने की अखिलेश से अध्यक्ष पद छोडऩे की मांग

punjabkesari.in Monday, May 08, 2017 - 03:21 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की पारिवारिक कलह अभी भी पूरी तरह से खत्म नही हुई है। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी में अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को लेकर घमासान छिड़ा हुआ है। सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव बाद अब समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने अखिलेश यादव से पार्टी के अध्यक्ष का पद छोडऩे की मांग की है। अपर्णा ने लखनऊ के एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में यह बयान दिया। 

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी के एक धड़े ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद मुलायम सिंह को सौंपे जाने की मांग की है। इसी बीच यादव परिवार की छोटी बहू अपर्णा यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर बयान दिया है। यह बयान बेहद ही हैरान करने वाला है।

उन्होंने एक निजी मीडिया संस्थान को इंटरव्यू में कहा कि क्षेत्रीय पार्टियां हिटलर जैसी होती हैं। अपर्णा यादव ने इंटरव्यू में आगे समाजवादी पार्टी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तो हर जगह अपने वादे पूरे करने के लिए जाने जाते हैं। अब उनको अपने वादे के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को छोड़ देना चाहिए। इस पद पर सभी को नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को बैठाना चाहिए।