आजम खां अब गाय पालने से डरे, लौटा दी गाय व बछिया

punjabkesari.in Monday, Apr 10, 2017 - 08:49 AM (IST)

रामपुर: कभी जिनकी चोरी भैंस को खोजने में उत्तर प्रदेश पुलिस का बड़ा अमला लग गया था, अब वही आजम खां गाय पालने से डर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के फायरब्रांड नेता तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां को करीब डेढ़ वर्ष पहले स्वामी अधिक्षाजानंद महाराज ने एक गाय और एक बछिया उपहार में दी थी लेकिन राजस्थान में गौ पालक मुस्लिम की गौ रक्षकों द्वारा हत्या करने के बाद से आजम खां डर गए हैं।

उन्होंने अब स्वामी को गाय और बछिया वापस कर दी हैं। डर की वजह से उन्होंने किसी मुस्लिम को भेजने की बजाय पूर्व जिलाध्यक्ष ओमेंद्र चौहान को गाय लेकर भेजा है। आजम खां ने स्वामी को एक पत्र भी भेजा है जिसमें माफी मांगते हुए लिखा है कि राजस्थान में हुए दिल दहला देने वाले हादसे से हमारे जैसे कमजोर लोगों के लिए जिंदगी और मौत का सवाल खड़ा हो गया है।