सॉरी पापा... 50 बार कोशिश की पर सरकारी नौकरी नहीं मिली, UP के बीटेक गोल्ड मेडलिस्ट ने सुसाइड नोट लिख दी जान

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 06:52 AM (IST)

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बीटेक के गोल्ड मेडलिस्ट छात्र ने अपने घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार प्रयास करने के बाद भी सरकारी नौकरी न मिल पाने के कारण अपने पिता से माफी मांगी है।

भाई की शादी तय करने बिहार गया था परिवार
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान आनंद (23) के रूप में हुई है। उसका शव गोविंद नगर के गुजैनी इलाके में स्थित उसके 3 मंजिला मकान के एक कमरे में छत के पंखे से लटका मिला। घटना के समय आनंद घर पर अकेला था, जबकि उसका परिवार बड़े भाई अमित की शादी तय करने के लिए बिहार गया हुआ था। घर में काम करने वाली महिला ने जब आनंद के कमरे का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने पड़ोसियों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। तलाशी के दौरान पुलिस को 5 पंक्तियों का हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट मिला।

आनंद ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि सॉरी पापा...
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आनंद ने साल 2024 में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। वह अपने कॉलेज का टॉपर था और उसने पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरी रैंक हासिल की थी। उसे 13 अगस्त 2024 को कॉलेज के एक दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था। पुलिस ने बताया कि आनंद ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि सॉरी पापा... मैंने सरकारी नौकरी पाने के लिए लगभग 50 बार प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। कृपया मुझे माफ कर दीजिएगा।

रेलवे, बैंक और SSC सहित दी थीं कई परीक्षाएं
आनंद के पिता राजकुमार ने बताया कि बीटेक के बाद उनके बेटे ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने से पहले पावर ग्रिड के साथ एक साल की अप्रेंटिसशिप भी पूरी की थी। भावुक पिता ने कहा कि वह रेलवे, एसएससी, बैंकों और शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कई भर्ती परीक्षाओं में शामिल हुआ था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इस वजह से वह पिछले कई महीनों से भारी मानसिक तनाव में था।

पुलिस को मिला 5 लाइनों का सुसाइड नोट
गोविंद नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार दुबे ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच से प्रतीत होता है कि युवक सरकारी नौकरी न मिलने के कारण तनाव में था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। शनिवार शाम को भैरव घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। राजकुमार लोहिया प्राइवेट लिमिटेड के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और मूल रूप से बिहार के बक्सर के रहने वाले हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static