सिपाही पर गैंगरे*प और वीडियो बनाने का आरोप, पीड़िता बोली- ''न्याय नहीं मिला तो थाने में कर लूंगी आत्मदाह''
punjabkesari.in Sunday, Jun 22, 2025 - 08:32 AM (IST)
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक महिला ने पुलिस सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पुलिस सिपाही सुशील जो अभी सहारनपुर में तैनात है ने उसके साथ धोखा किया, शारीरिक शोषण किया, ब्लैकमेल किया और शादी का झांसा दिया। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने बच्चों के साथ थाने में आत्मदाह की धमकी देती नजर आ रही है।
शादी का झांसा देकर 18 महीने तक शोषण, अश्लील वीडियो से करता रहा ब्लैकमेल
मिली जानकारी के मुताबिक, महिला ने बताया कि आरोपी सुशील ने उससे दोस्ती की और शादी का वादा किया। फिर वह लगभग 18 महीने तक उसके साथ 20 बार दुष्कर्म करता रहा। महिला का आरोप है कि सिपाही ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे, जिनके बल पर वह उसे ब्लैकमेल करता रहा। वह लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी सिपाही ने उसके पति के खिलाफ केस दर्ज कराने के बहाने उसे थाने बुलाया और फिर जबरदस्ती करने लगा। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने दूरी बना ली। अब वह वीडियो वायरल करने और उसे डराने धमकाने की धमकी दे रहा है।
वीडियो वायरल कर न्याय की गुहार, पीड़िता की आत्मदाह की चेतावनी पर पुलिस ने दी प्रतिक्रिया
महिला ने वीडियो बनाकर और शिकायत पत्र वायरल कर अपने साथ हुई ज्यादती का न्याय की गुहार लगाई है। उसने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो वह अपने बच्चों के साथ थाने में ही आत्महत्या कर लेगी। इस पूरे मामले पर बागपत पुलिस के एएसपी एनपी सिंह ने कहा कि महिला और आरोपी दोनों बागपत के निवासी हैं। अभी आरोपी सहारनपुर में तैनात है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर पुलिस को इस मामले की जानकारी दे दी गई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, दोनों पक्षों की बातचीत कराई जा रही है ताकि किसी समाधान पर पहुंचा जा सके।