पालतू कुत्ते ने SDM के दोनों हाथ चबाए! साइन करने लायक नहीं बचे अफसर, अंगूठा लगाकर मांगी छुट्टी
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 03:15 PM (IST)
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां बैरिया तहसील में तैनात एसडीएम आलोक प्रताप सिंह अपने ही पालतू कुत्ते के हमले का शिकार हो गए। कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने एसडीएम के दोनों हाथों को बुरी तरह जख्मी कर दिया। हालत यह हो गई कि अफसर को छुट्टी के आवेदन पर हस्ताक्षर करने के बजाय अंगूठा लगाना पड़ा, जिसकी तस्वीर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
चाय की चुस्की के बीच अचानक हुआ हमला
घटना होली से एक दिन पहले की है। 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी आलोक प्रताप सिंह के माता-पिता उनसे मिलने बैरिया आए हुए थे। 3 मार्च की सुबह सभी लॉन में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान उनका पालतू कुत्ता अचानक उत्तेजित होकर भौंकने लगा। एसडीएम जैसे ही उसे शांत कराने और पट्टा पकड़कर ले जाने लगे, कुत्ते ने उनके एक हाथ को अपने जबड़े में दबोच लिया। जब उन्होंने दूसरे हाथ से छुड़ाने की कोशिश की, तो कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया।
पानी की बौछार से बची जान
कुत्ते का हमला इतना जबरदस्त था कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी भी सहम गए। काफी कोशिश के बाद भी जब कुत्ते ने हाथ नहीं छोड़ा, तो एक कर्मचारी ने उस पर पानी की बोतल उड़ेल दी। पानी पड़ते ही कुत्ते की पकड़ ढीली हुई और एसडीएम को छुड़ाया जा सका। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली के किसी बड़े संस्थान में इलाज कराने की सलाह दी।
मजबूरी में लगाना पड़ा अंगूठा
एसडीएम आलोक प्रताप सिंह के दोनों हाथों में भयंकर सूजन और जख्म होने के कारण वे पेन पकड़ने की स्थिति में भी नहीं थे। 5 मार्च को जब उन्होंने जिलाधिकारी (DM) को छुट्टी का पत्र भेजा, तो साइन की जगह अपना अंगूठा (Thumb Impression) लगाया। डीएम ने उनकी छुट्टी मंजूर करते हुए बांसडीह के एसडीएम संजय कुशवाहा को बैरिया का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
विवादों से रहा है नाता
आलोक प्रताप सिंह ने 12 फरवरी 2024 को बलिया में डिप्टी कलेक्टर का पद संभाला था। ड्यूटी के दौरान वे चर्चा में रहे हैं, लेकिन जनवरी के महीने में उन पर एक होमगार्ड ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद वे काफी सुर्खियों में आए थे।

