लापता AN-32 विमान में बलिया के सूरज भी थे सवार, अपडेट लेने की कोशिश में जुटा परिवार

punjabkesari.in Thursday, Jun 06, 2019 - 04:21 PM (IST)

बलियाः चीन की सीमा पर लापता हुए भारतीय वायुसेना के रूस निर्मित एएन-32 विमान में उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले सूरज सिंह भी सवार थे। सूरज के विमान के साथ लापता होने की सूचना मिलते ही परिजन परेशान हो गए। फिलहाल परिजन वायुसेना की यूनिट में फोनकर अपडेट लेने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

3 भाइयों में सबसे बड़े जवान सूरज सिंह बलिया के बैरिया के शोभाछपरा गांव के रहने वाले हैं। सूरज दिसंबर 2014 में भारतीय वायु सेना में भर्ती हुए थे। उनकी शादी 19 फरवरी, 2019 को शालू से हुई थी। सूरज हाल ही में 15 दिनों की छुट्टी बिताकर 24 मई को जोरहाट स्थित अपनी यूनिट में वापस गए थे। शालू के भाई आदित्य राज सिंह ने बताया कि विमान में सवार लोगों की सूची के संबंध में उन्होंने जोरहट एयरबेस से जानकारी ली तो पता चला कि सूरज का नाम एसके सिंह के रूप में 11वें नंबर पर दर्ज है।

क्या है मामला
रूस निर्मित एएन-32 परिवहन विमान सोमवार दोपहर असम के जोरहाट से उड़ान भरने के करीब 33 मिनट बाद लापता हो गया। विमान में 13 लोग सवार थे। विमान की तलाश जारी है, लेकिन अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। एएन-32 का पता लगाने के लिए विमानों और हेलीकॉप्टरों के एक बेड़े को लगाया गया है। 

Deepika Rajput