500 का नोट मिलते ही काम की गारंटी देने लगा सिपाही, कैमरे में कैद हुई घूसखोरी तो SP ने उतार दी वर्दी की गर्मी
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 09:51 AM (IST)
Banda News: उत्तर प्रदेश पुलिस की साख पर एक बार फिर बट्टा लगा है। बांदा जिले के फतेहगंज थाने में तैनात एक सिपाही का खुलेआम घूस लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है। वीडियो में खाकी वर्दी पहने यह सिपाही ना केवल पैसे ले रहा है, बल्कि रिश्वत के बदले काम होने का पूरा भरोसा भी दिला रहा है। मामला सामने आते ही पुलिस कप्तान (SP) ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
'कागज के साथ उसे भेज देना, तुम्हारा काम पक्का'
वायरल वीडियो फतेहगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सिपाही वर्दी में है और किसी व्यक्ति से 500 रुपए का नोट ले रहा है। पैसे जेब में रखते ही सिपाही का आत्मविश्वास बढ़ जाता है और वह रौब झाड़ते हुए कहता है— हमारे जैसा आदमी तुम्हें नहीं मिलेगा। तुम्हें खुद आने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बस कागज के साथ उसे भेज देना, काम हो जाएगा। सिपाही की यह 'गारंटी' अब उसके लिए जी का जंजाल बन गई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, विभाग में हड़कंप
किसी राहगीर या पीड़ित ने सिपाही की इस करतूत का चुपके से वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही यूपी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। लोग आरोपी सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। हालांकि, बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ महीने पुराना है, लेकिन जैसे ही यह एसपी के संज्ञान में आया, विभाग में हड़कंप मच गया।
एसपी का जीरो टॉलरेंस एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए बांदा एसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर करते हुए सस्पेंड कर दिया है। एसपी के मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस पूरे प्रकरण की जांच डिप्टी एसपी (DSP) रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है, ताकि भ्रष्टाचार की इस कड़ी का पूरी तरह पर्दाफाश हो सके।

